देवरी और बागनदी में एक ही रात ज्वेलरी दुकानों में चोरी, शटर उखाड़कर लाखों का माल पार; पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल

  • मार्केट लाइन (गुजरी लाइन) स्थित येवले ज्वैलर्स को चोरों ने बनाया निशाना
  • ठीक उसी समय महज 10 किमी दूर छत्तीसगढ़ के बागनदी में भी हुई ऐसी ही वारदात

गोंदिया ( देवरी ) : देवरी शहर के व्यस्ततम मार्गों में शुमार गुजरी लाइन (मार्केट लाइन) स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान का शटर नीचे से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि ठीक इसी समय, देवरी से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बागनदी गांव में भी एक अन्य ज्वेलरी शॉप का शटर इसी तरह नीचे से तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों जगहों पर एक ही समय और एक ही तरीके से वारदात होने के कारण इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि गुजरी लाइन देवरी के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां चारों तरफ दुकानें हैं। इसके बावजूद, कल रात को पुलिस की लगातार गश्त न होने के कारण चोरों को बेखौफ होकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने का पूरा मौका मिल गया। स्थानीय लोगों का साफ तौर पर मानना है कि यह घटना कहीं न कहें पुलिस प्रशासन की भारी लापरवाही और लचर सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करती है।

मामला दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों के रूट और उनकी पहचान का पता चल सके। बहरहाल, इस दोहरी चोरी की वारदात के बाद से व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Copy Is Not Allowed !!