वर्षा तुरकर हत्याकांड का बड़ा खुलासा: प्रेम संबंध से नाराज पत्नी ने दी थी 13 लाख की सुपारी गोंदिया क्राइम ब्रांच ने 4 आरोपियों को दबोचा, 2 फरार; जीपीएस लोकेशन से मिला सुराग

गोंदिया : दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र के मौजा बोंडरानी में हुए सनसनीखेज वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी गोंदिया की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने सुलझा ली है। इस हत्याकांड में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है—मृतका और नितेश अग्रवाल के कथित प्रेम संबंधों से नाराज नितेश की पत्नी ने ही वर्षा को रास्ते से हटाने के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं।

क्या था पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से धनोरी (पुणे) निवासी वर्षा धुरनलाल तुरकर (35) दिवाली की छुट्टियों में अपने मायके मौजा किन्ही (ता. खैरलांजी, जि. बालाघाट) आई थीं। 14 नवंबर 2026 को वे गोंदिया निवासी अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ तिरोड़ा गई थीं। शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच तिरोड़ा से लौटते वक्त जब वे बोंडरानी स्थित शिव मंदिर के पास जंगल में रुके, तभी तीन अज्ञात लोगों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। इस संबंध में 15 नवंबर को दवनीवाड़ा थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

200 सीसीटीवी और जीपीएस ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में एलसीबी निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे ने 6 टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल से तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी, बालाघाट और गोंदिया मार्ग पर करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में 3 संदिग्ध युवक बाइक से नितेश अग्रवाल की कार का पीछा करते दिखे।
तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर 19 नवंबर को मुर्री (गोंदिया) से संदिग्ध इमरान करीम शेख (26) को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरा राज उगल दिया।

कैसे रची गई साजिश?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नितेश अग्रवाल और वर्षा के बीच प्रेम संबंधों से नितेश की पत्नी मोना (41) काफी परेशान थी। उसने घर के पास रहने वाले कुणाल कुंभलकर (31) की मदद से वर्षा की हत्या की साजिश रची। कुणाल ने शातिर अपराधी शाहरुख खान उर्फ फिरोज खान पठान (33, सिंधी कॉलोनी, गोंदिया) से संपर्क कर 13 लाख रुपये में सुपारी दी।
शाहरुख ने मुर्री निवासी इमरान करीम शेख (26), नलेन उर्फ नायलायम शेख (24) और क्रिश राउत (19) को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी। बताया गया कि नितेश की कार उसकी पत्नी मोना के नाम पर थी और उसमें जीपीएस लगा था। मोना ने आरोपियों को ‘टोयोटा आई कनेक्ट’ ऐप की आईडी व पासवर्ड दे रखा था, जिससे तीनों आरोपी कार की लाइव लोकेशन ट्रैक कर रहे थे। बालाघाट से लौटते वक्त लोकेशन के आधार पर आरोपियों ने बोंडरानी के जंगल में घेरकर वर्षा की चाकू मारकर हत्या कर दी।

ये आरोपी आए गिरफ्त में, दो की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में अब तक इमरान करीम शेख (26, संजयनगर मुर्री), शाहरुख खान पठान (33, सिंधी कॉलोनी गोंदिया), कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31, साईं मंदिर के पास सिविल लाइन गोंदिया) और मोना नितेश अग्रवाल (41, गोविंदपुर रोड गोंदिया) को हिरासत में लिया है। आगे की जांच के लिए इन्हें दवनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में एलसीबी पीआई रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में एएसआई अमरदीप खाडे, अभिषेक जगमवार, सफौ राजू मिश्रा, इंद्रजीत बिसेन, दीक्षितकुमार दमाहे, सोमेशसिंह तुरकर, रियाज शेख, विठ्ठलप्रसाद ठाकरे, संजय चव्हाण, सुजीत हलमारे, शैलेश निनावे, राकेश इरुरकर, हंसराज भांडारकर, सुनील उहाके, करण बारेवार, निखिल मेश्राम, छगन विठ्ठले, स्मिता तांबड़े, राम खंडारे, निलेश ठाकरे, इमरान सय्यद, मुरली पांडे और साइबर सेल के रोशन पेरणे व आकिब काझी ने अहम भूमिका निभाई।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Copy Is Not Allowed !!