कनेक्टिविटी टूटने का डर, सिंगल पिलर वाले खुले फ्लाईओवर के समर्थन में उतरेगी देवरी की जनता
गोंदिया ( देवरी ) : देवरी शहर में प्रस्तावित हाईवे फ्लाईओवर को लेकर अब माहौल गरमा गया है। जहां एक ओर प्रशासन द्वारा कॉम्पैक्ट ब्रिज के रूप में फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय नागरिकों ने इस फैसले पर गंभीर आपत्ति जताई है।
देवरी के लोगों का कहना है कि अगर कॉम्पैक्ट ब्रिज का निर्माण किया गया, तो आने वाले समय में शहर की कनेक्टिविटी पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। बाजार, मुख्य रास्तों और आंतरिक सड़कों का संपर्क टूटने का खतरा है, जिससे व्यापार और आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ेगा।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने अब खुलकर “ओपन फ्लाईओवर” की मांग शुरू कर दी है। उनका कहना है कि सिंगल पिलर पर खड़ा खुला फ्लाईओवर ही शहर के विकास के लिए सही विकल्प है। इससे नीचे की सड़कों का उपयोग बना रहेगा और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल सकेगी।
जनता का मानना है कि अगर अभी सही निर्णय नहीं लिया गया, तो देवरी शहर को भविष्य में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर अब विरोध के स्वर तेज होते जा रहे हैं और प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की जा रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन जनता की इस मांग को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या देवरी को मिलेगा एक ऐसा फ्लाईओवर, जो विकास के साथ-साथ शहर की पहचान और कनेक्टिविटी को भी बनाए रखे।









