गोंदिया/भंडारा : गोंदिया और भंडारा जिले के रेल यात्रियों के लिए जल्द ही कई सौगातें मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। सांसद श्री प्रफुल पटेलजी ने हाल ही में माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णवजी से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सांसद श्री राजेंद्र जैन ने भी क्षेत्र की रेल समस्याओं, नई सुविधाओं और यात्रियों की जरूरतों से जुड़े मांग पत्र रेल मंत्री को सौंपे।
प्रमुख मांगें और चर्चा के मुख्य बिंदु:
• गोंदिया-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस: क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्रमुखता से उठाते हुए गोंदिया से मुंबई के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का आग्रह किया गया।
• स्टापेज की मांग: यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए सालेकसा स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्टापेज देने के साथ-साथ भंडारा, तुमसर, तिरोड़ा, आमगांव और सालेकसा में जरूरी ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी गई।
• मेंटेनेंस सुविधा: गोंदिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के मेंटेनेंस (रखरखाव) की आधुनिक सुविधा विकसित करने पर चर्चा हुई, जिससे क्षेत्र में रेल सेवाओं का संचालन और बेहतर हो सके।
• उचित मुआवजा और अमृत भारत योजना: रेलवे लाइन और अन्य परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के बदले किसानों व भूमि मालिकों को उचित एवं न्यायसंगत मुआवजा देने की मांग की गई। इसके अलावा, तिरोडा रेलवे स्टेशन को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में शामिल करने का विशेष अनुरोध किया गया।
इस मुलाकात से क्षेत्र के लोगों में यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही गोंदिया और भंडारा जिलों में रेल सुविधाओं का और अधिक विस्तार होगा।









