गोंदिया समेत राज्य के 9 से अधिक जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में हड़कंप

– गोंदिया, ठाणे, सातारा, सोलापूर, सांगली, बीड, नांदेड, हिंगोली, परभणी और अमरावती न्यायालय को मिले ई-मेल
– नांदेड में उड़ी अफवाह से मची भगदड़, गोंदिया में भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

गोंदिया : महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था के सामने एक बार फिर गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। राज्य के 9 से अधिक जिला न्यायालयों को एक ही समय में बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया है। गोंदिया सहित ठाणे, सातारा, सोलापूर, सांगली, बीड, नांदेड, हिंगोली, परभणी और अमरावती जिला न्यायालयों को यह धमकी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा यंत्रणायें तुरंत सतर्क हो गई हैं, जिससे न्यायालयों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।

नांदेड में फैली अफवाह, सुरक्षित निकाले गए लोग

धमकी मिलने के बाद नांदेड न्यायालय परिसर में बम होने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यायाधीशों, वकीलों, न्यायालयीन कर्मचारियों और वहां मौजूद नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी जगहों पर पहुंचाया गया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में भारी दहशत का माहौल रहा।

गोंदिया में भी पुलिस ने संभाला मोर्चा

इधर, गोंदिया जिला न्यायालय परिसर में धमकी की खबर मिलते ही पुलिस विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया और गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और ई-मेल भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Copy Is Not Allowed !!