देवरी में कॉम्पैक्ट ब्रिज का विरोध तेज, खुला ब्रिज बनाने की मांग को लेकर जनता ने सांसद से की मुलाकात

देवरी | मोहसिन अंसारी ✍️
गोंदिया ( देवरी ) : देवरी शहर में प्रस्तावित कॉम्पैक्ट फ्लाईओवर ब्रिज को लेकर स्थानीय नागरिकों में विरोध तेज हो गया है। आज देवरी के नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल भाई पटेल से मुलाकात कर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं और इस परियोजना के खिलाफ आवेदन सौंपा।

नागरिकों का कहना है कि प्रस्तावित कॉम्पैक्ट ब्रिज भविष्य में देवरी शहर की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी पर नकारात्मक असर डाल सकता है। खासकर शहर के अंदरूनी मार्गों और बाजार क्षेत्र की आवाजाही बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मांग की कि देवरी में भी साकोली और लाखनी की तरह सिंगल पिलर (खुला ब्रिज) बनाया जाए, जिससे नीचे से यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और शहर की कनेक्टिविटी बनी रहे। उनका कहना है कि खुला ब्रिज न केवल आधुनिक और सुविधाजनक होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और आम नागरिकों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।

इस दौरान नागरिकों ने जोर देकर कहा कि विकास कार्य जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर होना चाहिए, न कि ऐसी योजना जिससे भविष्य में समस्याएं उत्पन्न हों।

अब देखना होगा कि सांसद स्तर पर इस मांग को कितनी गंभीरता से लिया जाता है और देवरी के इस अहम मुद्दे पर आगे क्या निर्णय सामने आता है।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें