गोंदिया ( देवरी ) : देवरी शहर के एक छात्रावास में रहने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला 24 अप्रैल 2026 को सामने आया। इस संबंध में देवरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। लेकिन एफआईआर में नामजद आरोपी काशीनाथ शहारे (उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी देवरी) अभी तक फरार है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की गहन जांच की मांग को लेकर देवरी की महिला शक्ति ने निवेदन सौंपा है।
यह निवेदन उपविभागीय पुलिस अधिकारी के माध्यम से अपर पुलिस अधीक्षक के नाम दिया गया है। इसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक गोंदिया और महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री को भी भेजी गई है।
मामले का विवरण:
देवरी में पढ़ाई कर रही लगभग 15 वर्षीय पीड़िता के साथ आरोपी ने जबरदस्ती हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की। आरोपी ने छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया, उसके गाल पर जबरन चुंबन लेने की कोशिश की और पैसे देकर मामला दबाने का प्रयास भी किया, ऐसी चर्चा और शिकायत दर्ज है।
घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए अपनी शिक्षिका को स्कूल में पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। 19 अप्रैल 2026 को पीड़िता और शिक्षक जब देवरी पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने गए, तब पुलिस ने शिकायत लेने में टालमटोल की। पीड़िता को करीब 6-7 घंटे तक पुलिस स्टेशन में बैठाकर रखा गया, जब तक उसके परिजन नहीं पहुंचे।
बताया गया है कि एक नहीं बल्कि चार लड़कियां शिकायत देने आई थीं, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उल्टा महिला पुलिस द्वारा उन्हें डराने का प्रयास किया गया और बिना शिकायत दर्ज किए उन्हें उनके परिजनों के साथ वापस भेज दिया गया।
दो दिन बाद विशेष टीम की कार्रवाई:
दो दिन बाद गोंदिया पुलिस विभाग की विशेष टीम ने पीड़िता के घर जाकर जांच की और आरोपी के खिलाफ देवरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई। एफआईआर दर्ज होते ही सवाल उठ रहा है कि आरोपी कैसे फरार हो गया? क्या पुलिस ने उसे सहयोग किया? महिलाओं ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पीड़िता और परिवार पर दबाव:
बताया जा रहा है कि पीड़िता और उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इससे पीड़िता पर मानसिक दबाव है और उसके बयान बदलने की आशंका जताई जा रही है।
एफआईआर दर्ज हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में क्यों नहीं है? क्या पुलिस पर किसी प्रकार का दबाव है? यह गंभीर सवाल महिलाओं ने उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर इस मामले में और भी आरोपियों के नाम सामने आ सकते हैं।
निवेदन देने वाली महिलाएं:
फरार आरोपी काशीनाथ शहारे की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जिजा शिलारे, शिल्पा बांते, नूतन सयाम, सुषमा पंधरे, विमल बारसे, मंदा ठवरे, हेमलता कुंभरे, शिला मारगाये और अनवंता आचले सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।
प्रतिक्रिया…
फरार आरोपी काशीनाथ शहारे की तलाश जारी है। आरोपी को जल्द से जल्द ढूंढकर हिरासत में लेने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। यदि किसी को आरोपी काशीनाथ शहारे के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
विवेक पाटील
(उपविभागीय पुलिस अधिकारी, देवरी)








