गोंदिया ( देवरी ) : देवरी नगर के प्रभाग क्रमांक 15 स्थित चिचगढ़ रोड पर सोमवार देर रात एक बड़ी और संदिग्ध घटना सामने आने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री उषाताई शहारे के निवास पर देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच 9 से 10 संदिग्ध युवक घुसते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से आए थे।
घटना के दौरान घर पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की नजर संदिग्ध युवकों पर पड़ गई। महिला ने तत्काल जोर-जोर से आवाज लगाना और शोर मचाना शुरू कर दिया। अचानक हुए शोर से घबराकर सभी युवक मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
विशेष बात यह है कि यह घटना देवरी पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर तथा चिचगढ़ रोड जैसे मुख्य मार्ग पर घटी है। ऐसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में देर रात बड़ी संख्या में संदिग्ध युवकों की मौजूदगी ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह घटना केवल चोरी के इरादे से की गई थी या इसके पीछे कोई अन्य गंभीर साजिश थी, इसकी पड़ताल शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही परिसर के नागरिकों में चिंता का माहौल दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।








