तफ्तीश में तेजी… फरार आरोपी काशीनाथ शहारे की जांच अब पुलिस निरीक्षक प्रविण डांगे के हवाले

पुलिस निरीक्षक प्रवीण डांगे

गोंदिया ( देवरी ) : देवरी शहर के एक छात्रावास में रहने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला 24 अप्रैल 2026 को सामने आया था। इस संबंध में देवरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। लेकिन एफआईआर में नामजद आरोपी काशीनाथ शहारे (उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी देवरी) अब तक फरार है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।

इसी बीच, वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक प्रविण डांगे को सौंप दी है। डांगे ने बातचीत के दौरान बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस अब कॉल हिस्ट्री खंगाल रही है और आरोपी से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।

नाबालिग से छेड़छाड़ जैसे गंभीर अपराध में आरोपी के अब तक गिरफ्त से बाहर होने के कारण देवरी शहर सहित पूरे जिले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इस घटना की तुलना पुरानी चर्चित घटनाओं से कर रहे हैं, वहीं कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर आरोपी निर्दोष है तो वह फरार क्यों है।

देवरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं और अगले तीन दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले को लेकर चल रही आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति और अफवाहें जांच में बाधा बन रही हैं। पुलिस का कहना है कि सच्चाई आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही सामने आएगी।

इस बीच, पीड़िता और उसके परिवार पर दबाव बनाए जाने और जान से मारने की धमकी जैसी बातें भी सामने आ रही थीं। इस पर पुलिस निरीक्षक प्रविण डांगे ने स्पष्ट किया कि पीड़िता और उसका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है और फिलहाल ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी पुलिस को दें।

सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि कहां हैं?
इस मामले में देवरी की कुछ महिलाओं—जिजा शिलारे, नूतन सयाम, शिल्पा बांते, सुषमा पंधरे, विमल बारसे, मंदा ठवरे, हेमलता कुंभरे, शिला मारगाये और अनंवता आचले—ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा है।

लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि देवरी शहर, तहसील और जिले के सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि इस मामले में सामने क्यों नहीं आ रहे हैं? यह मुद्दा अब आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें