गोंदिया : गोंदिया पुलिस की एलसीबी टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 6 पर एक कार से करीब 38 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में गांजा, कार और मोबाइल सहित लगभग 54 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर एलसीबी गोंदिया की टीम अवैध नशे के कारोबार पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रायपुर की ओर से एक काले रंग की महिंद्रा कंपनी की चारपहिया वाहन में गांजा लेकर कुछ लोग नागपुर की दिशा में जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही एलसीबी निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देवरी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय महामार्ग पर जाल बिछाया। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार से वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोका।
तलाशी लेने पर कार की डिक्की में खाद के बोरे में छुपाकर रखा गया 38 किलो 500 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा एक्सयूवी कार कीमत लगभग 15 लाख रुपये और 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
इस मामले में पुलिस ने 1) विवेककुमार अभिमन्यु जोशी, निवासी डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) 2) बलाक, निवासी नारायणगढ़ चिचोला, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी विवेककुमार जोशी ने बताया कि नागपुर में सागर खोब्रागड़े नामक व्यक्ति को गांजा पहुंचाने जा रहे थे। मामले में पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक डोंगरे के मार्गदर्शन में एलसीबी निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेकर तथा उनकी टीम ने की।








