गोंदिया में एफडीए का बड़ा एक्शन: वैशाली राजपुरोहित स्वीट्स का लाइसेंस सस्पेंड, 49 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट

गोंदिया : शहर के वाजपेयी वार्ड (दुर्गा मंदिर के पास) स्थित ‘मे. वैशाली राजपुरोहित स्वीट्स’ पर अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने के चलते प्रशासन ने इस दुकान का फूड लाइसेंस 18 सितंबर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच में खुली पोल, तेल में तैरती मिलीं मरी हुई मक्खियां
16 सितंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ. डी. लांजेवार ने दुकान का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान दुकान में बेहद गंदगी और जानलेवा स्थितियां देखने को मिलीं:
• 49 किलो लड्डू नष्ट: मिठाइयों में तय मानक से ज्यादा जहरीले कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर ही 49 किलो मोतीचूर के लड्डू नष्ट कराए गए।
• भयानक गंदगी: तलने के तेल में 2 मरी हुई मक्खियां तैरती मिलीं। दुकान में मक्खियों और मच्छरों का जमावड़ा था।
• बिना बिल का कच्चा माल: दुकान में 15 किलो मावा, 5 किलो कलाकंद और 8 किलो रसगुल्ला मिला, लेकिन दूध या मावा खरीदने का कोई बिल या रिकॉर्ड मालिक नहीं दिखा सका।
• नियमों का उल्लंघन: कर्मचारी तंबाकू चबाते हुए मिठाई बना रहे थे। उनके हाथ धोने तक की व्यवस्था नहीं थी और न ही कर्मचारियों का कोई मेडिकल टेस्ट कराया गया था। पका हुआ सामान जंग लगे बर्तनों में खुले में रखा था।
प्रशासन की चेतावनी: मनमानी की तो खैर नहीं
सहायक आयुक्त (खाद्य) अमृता एल. शिरके ने खाद्य सुरक्षा कानून के तहत दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। जब तक अगला आदेश नहीं आता, दुकान से किसी भी तरह की बिक्री या व्यापार पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने जिले के सभी मिठाई और खाद्य व्यापारियों को साफ चेतावनी दी है कि वे साफ-सफाई और नियमों का पालन करें, वरना उनके खिलाफ भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Copy Is Not Allowed !!