गोंदिया एलसीबी की बड़ी कार्रवाई: चावल से लदा ट्रक लूटने वाली अंतरराज्यीय टोली का पर्दाफाश, 18.13 लाख का माल बरामद

गोंदिया : रावनवाड़ी थाना क्षेत्र के मौजा सावरी परिसर में खड़े चावल से लदे ट्रक की डकैती करने वाली शातिर टोली की एलसीबी (स्थानीय अपराध शाखा), गोंदिया पुलिस ने धरपकड़ कर दी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा हुआ ट्रक और कुल 18 लाख 13 हजार 699 रुपये मूल्य का 30 टन 765 किलो चावल बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर नवीन रामचंद्र मौर्या (35, निवासी हनुमानगंज, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) 14 जुलाई 2026 को मध्य प्रदेश के मौजा चाकघाट से ट्रक में 30 टन 765 किलो चावल भरकर सड़क अर्जुनी (गोंदिया) के लिए निकला था। 16 जुलाई की रात करीब 12 बजे नींद आने के कारण उसने अपना ट्रक मौजा सावरी बस स्टॉप के पास खड़ा कर दिया और सो गया।
17 जुलाई की तड़के लगभग 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने पानी पीने का बहाना बनाकर ट्रक का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही ड्राइवर ने पानी की बोतल दी, उसके 3 अन्य साथी वहां आ धमके। बदमाशों ने ड्राइवर के साथ मारपीट की, चाकू की नोक पर उसे डराया-धमकाया और कुछ दूरी पर ले जाकर एक पेड़ से रस्सी से बांध दिया। इसके बाद आरोपी 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक और उसमें रखा 8.13 लाख रुपये का चावल (कुल कीमती ₹18,13,699/-) जबरन लूटकर फरार हो गए।
इस घटना के बाद रावनवाड़ी पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 118(1), 352, 352(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
एलसीबी ने बिछाया जाल, आरोपी चढ़ा हत्थे
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया के पुलिस अधीक्षक श्री गोरख भामरे के निर्देश पर एलसीबी (LCB) पुलिस निरीक्षक श्री रेवचंद सिंगनजुड़े के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
तकनीकी एवं गोपनीय जानकारी के आधार पर एलसीबी की टीम को पता चला कि मौजा कोहका (पो. स्टे. गंगाझरी) निवासी संजयकुमार राजकुमार दमाहे (20 वर्ष) और उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने 19 जुलाई 2026 को मौजा कोहका में दबिश देकर आरोपी संजयकुमार दमाहे को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि 17 जुलाई की सुबह 5 से 6 बजे के बीच उसके दोस्त ने अपने अन्य 3 साथियों के साथ मिलकर यह ट्रक लूटा था और माल ठिकाने लगाने में उसकी मदद ली थी। आरोपियों ने चावल से भरा ट्रक कोहका से भानपुर मार्ग पर खड़ा कर हमालों की मदद से चावल अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था।
3 स्थानों से बरामद हुआ चावल और ट्रक
आरोपी संजय दमाहे की निशानदेही पर पुलिस ने 3 अलग-अलग स्थानों से निम्नलिखित माल जब्त किया:
1. ₹3,06,450/- मूल्य का 11 टन 320 किलो चावल
2. ₹3,09,420/- मूल्य का 11 टन 460 किलोचावल
3. ₹1,97,829/- मूल्य का 7 टन 985 किलो चावल
4. ₹10,00,000/- मूल्य का 1 टाटा कंपनी का ट्रक
कुल जब्त माल: ₹18,13,699/- (30 टन 765 किलो चावल + 1 ट्रक)
पकड़े गए आरोपी संजयकुमार दमाहे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रावनवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि घटना में शामिल उसके अन्य फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
यह सराहनीय कार्रवाई गोंदिया के पुलिस अधीक्षक श्री गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में एलसीबी के पुलिस निरीक्षक श्री रेवचंद सिंगनजुड़े, सपोनि अमोलदीप खाड़े, सपोनि अभिजित जगमवार, स.फो. राजेंद्र मिश्रा, पोहवा संजय चव्हाण, तुलसीदास लुटे, सुजित हलमारे, दीक्षितकुमार दमाहे, सोमेंद्रसिंह तुरकर, रियाज शेख, महेश मेहर, इंद्रजीत बिसेन, सुबोधकुमार बिसेन, दुर्गेश तिवारी, प्रकाश गायधने, पो.शि. छगन विठ्ठले, राकेश इंदुरकर, हंसराज भांडारकर, सुनील डहाके, विलेश ठाकरे, राम खंडारे तथा साइबर सेल के सपोनि देवीदास ढमके, योगेश रहीले, अनिकेत चांदेवार, श्रेयस लांबट और आकिब काज़ी द्वारा की गई।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

और पढ़ें